गुरुवार सुबह दिल्ली एनसीआर के कई हिस्सों में छिटपुट गरज के साथ हल्की बारिश हुई। जिससे मौसम सुहाना हो गया और भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, शहर में सुबह के समय तापमान लगभग 28-29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के बाद आर्द्रता का स्तर 95 प्रतिशत तक पहुंच गया। गाजियाबाद, नोएडा में सुबह की हल्की बारिश के साथ-साथ हल्की हवाएं भी चलीं।

मौसम विभाग ने गुरुवार के अधिकतम तापमान के 32 डिग्री सेल्सियस से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान लगाया है। साथ ही हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। बारिश के कारण दिल्ली की वायु गुणवत्ता में थोड़ा सुधार हुआ है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 79 रहा। जो मध्यम श्रेणी में आता है।

इस बीच, आईएमडी के अनुसार , दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और 34.8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो पहले की लू की स्थिति से काफी कम है।

मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में मानसून के उत्तर भारत के कई हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है। भारी बारिश की आशंका के चलते पश्चिमी और मध्य भारत के कुछ हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मानसून विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश यादव ने बताया कि मानसून जल्द ही पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और गुजरात के पश्चिमी तट के कुछ हिस्सों सहित अतिरिक्त क्षेत्रों को भी अपनी चपेट में ले लेगा।

उन्होंने चेतावनी दी कि अगले चार से पांच दिनों में कोंकण क्षेत्र, गोवा और दक्षिण गुजरात में अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है, और इन क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है।

उन्होंने आगे कहा कि ओडिशा और मध्य भारत में भी बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। चंडीगढ़ में, आईएमडी के निदेशक सुरिंदर पॉल ने पुष्टि की कि मानसून पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में पहुंच चुका है और कई जिलों में बारिश दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि मानसून आगे बढ़ेगा और अगले दो से तीन दिनों में शेष क्षेत्रों को भी अपनी चपेट में ले लेगा, जिससे व्यापक बारिश होगी और गर्मी व उमस से राहत मिलेगी।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version