पलवल में बृहस्पतिवार का दिन देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव के नाम रहा। शहर की सड़कों पर ऐसा नजारा देखने को मिला, जहां हर तरफ तिरंगा लहराता नजर आया और ‘भारत माता की जय’ व ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। हरियाणा सरकार के खेल एवं युवा सशक्तिकरण मंत्री गौरव गौतम के नेतृत्व में करीब 5 किलोमीटर लंबे और 10 फीट चौड़े विशाल तिरंगे के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
यात्रा की शुरुआत बहरौला गांव स्थित पुलिस लाइन से हुई और इसका समापन नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में हुआ। विशाल तिरंगे को स्कूली छात्रों के साथ स्थानीय नागरिकों ने हाथों में थामकर यात्रा को आगे बढ़ाया। इस दौरान शहर के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होते गए।
विश्व रिकॉर्ड में दर्ज हुई उपलब्धि
इस विशाल तिरंगा यात्रा ने एक खास उपलब्धि सभी अपने नाम की। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से जिला प्रशासन को इस आयोजन के लिए प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। पांच किलोमीटर लंबे तिरंगे को एक साथ थामे लोगों की तस्वीरें पूरे आयोजन की भव्यता को बयां कर रही थीं।
20 से ज्यादा जगहों पर हुआ भव्य स्वागत
पुलिस लाइन से निकलकर यात्रा जब पलवल शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी तो जगह-जगह लोगों ने इसका जोरदार स्वागत किया। करीब 20 स्थानों पर स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने यात्रा के स्वागत की तैयारियां की थीं। कहीं लोगों ने पुष्पवर्षा कर तिरंगे का अभिनंदन किया तो कहीं ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति गीतों के साथ यात्रा का स्वागत किया गया। बाजारों और प्रमुख चौराहों पर लोग काफी पहले से ही पहुंच गए थे। कई लोग अपने हाथों में छोटे तिरंगे लेकर विशाल राष्ट्रीय ध्वज के साथ कदम से कदम मिलाते नजर आए।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक दिखा उत्साह
इस आयोजन की खास बात यह रही कि इसमें केवल किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि समाज के अलग-अलग हिस्सों की भागीदारी देखने को मिली। स्कूली छात्र, युवा, व्यापारी, सामाजिक संगठनों के सदस्य और आम नागरिक बड़ी संख्या में यात्रा का हिस्सा बने। विशाल तिरंगे के नीचे जब हजारों लोग एक साथ आगे बढ़े तो पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया। सड़कों के दोनों ओर खड़े लोग भी इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए।
राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश
तिरंगा यात्रा ने सिर्फ शहर में देशभक्ति का माहौल ही नहीं बनाया, बल्कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और एकता का संदेश भी दिया। विशाल तिरंगे के साथ आगे बढ़ता जनसमूह इस बात की तस्वीर पेश कर रहा था कि राष्ट्रध्वज लोगों की भावनाओं से कितना गहराई से जुड़ा है। पलवल की सड़कों पर घंटों तक दिखाई दिया यह देशभक्ति का रंग लोगों के लिए यादगार बन गया। आयोजन के दौरान उमड़ी भीड़ और नागरिकों का उत्साह इस बात का संकेत रहा कि तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रगौरव के मुद्दे पर पूरा शहर एक साथ खड़ा नजर आया।

