मुंबई: मायानगरी मुंबई में सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान (Disha Salian) की मौत मामले ने एक बार फिर महाराष्ट्र की राजनीति को गर्म कर दिया है. दिशा की मौत के करीब 6 साल बाद बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देश पर अब सीबीआई ने मामला दर्ज कर जांच को अपने हाथों में ले लिया है। अब ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या दिशा सालियान की मौत का सच बाहर आने के बाद दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की संदिग्ध मौत से भी पर्दा उठेगा।

दरअसल पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान बॉम्बे हाई कोर्ट पहुंचे थे। उन्होंने अपनी याचिका में बेटी के साथ गैंगरेप और फिर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया था, उन्होंने अपने बयान में इस मामले में एक राजनेता और एक एक्टर के भी शामिल होने का आरोप लगाया था। अब इस मामले की जांच सीबीआई ने फिर से शुरू कर दी है।

कब और कैसे हुई थी दिशा सालियान की मौत

दरअसल 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान की ऊंची इमारत से गिरने के बाद मौत हो गई थी. पहले तो मुंबई पुलिस ने इसे एक्सीडेंटल डेथ बताया लेकिन बाद में जांच का हवाला देते हुए इसे आत्महत्या करार दे दिया। उस वक्त पुलिस ने इस मामले में किसी भी तरह की साजिश होने से इनकार कर दिया था।

बॉम्बे हाई कोर्ट ने क्या आदेश दिया

अब 6 साल पुराने इस मामले में दिशा के पिता सतीश सालियान की याचिका पर सुनवाई के बाद बीते 2 सितंबर को पुलिस ने सीबीआई को एफआईआर दर्ज कर जांच करने का निर्देश दिया था। इसके साथ ही कोर्ट ने सीबीआई को मुंबई क्षेत्र के ज्वाइंट निदेशक और एक अनुभवी अधिकारी को जांच अधिकारी नियुक्त करने का निर्देश दिया।

कोर्ट ने सुनवाई के दौरान ये भी कहा कि मौत के पांच साल बाद भी दिशा के परिवार को उसकी पोस्टमार्टम और एडीआर की कॉपी नहीं दी गई थी। मामला दर्ज करने के बाद दिशा के पिता सतीश सालियान सीबीआई के दफ्तर पहुंचे और अपने वकील नीलेश ओझा के साथ वहां चार घंटे तक अपना बयान दर्ज कराया। हालांकि कोर्ट ने ये भी साफ किया है कि बिना पर्याप्त सबूत के एजेंसी किसी को भी इस मामले में आरोपी ना बनाए।

दिशा मौत मामले में कितने लोगों के खिलाफ जांच की मांग थी ?

दिशा की संदिग्ध मौत के मामले में उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे, एक्टर डिनो मोरिया, एक्टर सूरज पंचोली, रिया चक्रवर्ती, शोविक चक्रवर्ती और रोहन रॉय के खिलाफ जांच की मांग की गई थी। इसके अलावा दिशा के परिवार ने कुछ बड़े पुलिस अधिकारियों जैसे सचिन वाजे, परमबीर सिंह, डीसीपी विशाल ठाकुर की भूमिका की जांच की मांग की थी।

आदित्य ठाकरे पर दिशा के पिता ने लगाए थे आरोप

दिशा सालियान की मौत के बाद उनके पिता सतीश सालियान ने आदित्य ठाकरे को भी अपनी याचिका में आरोपी बनाया था। हालांकि आदित्य ठाकरे ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा था कि उनका दिशा की मौत से कोई लेना-देना नहीं है और यह उन्हें बदनाम करने की कोशिश है।

दिशा और सुशांत की मौत के बीच क्या रिश्ता ?

दरअसल दिशा सालियान ने कुछ समय के लिए उभरते हुए बॉलीवुड स्टार और दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के लिए बतौर सेलिब्रिटी मैनेजर काम किया था। दिशा और सुशांत सिंह की मौत के बीच सिर्फ 6 दिनों का अंतर था और दोनों की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में मुंबई में हुई थी।

दिशा सालियान की मौत 8 जून को मलाड में जबकि सुशांत सिंह राजपूत की मौत 14 जून 2020 को मुंबई के बांद्रा इलाके में एक फ्लैट में हुई थी. अपने किराये के फ्लैट में सुशांत सिंह राजपूत कमरे के अंदर फंदे से लटके हुए पाए गए थे. दोनों की संदिग्ध मौत के बाद सवाल उठने लगे थे कि क्या दोनों की मौत के बीच कोई संबंध है।

सुशांत सिंह की मौत की जांच करने के बाद मुंबई पुलिस ने बताया था कि सुशांत सिंह राजपूत मानसिक तनाव और डिप्रेशन में थे। इस मामले की सीबीआई जांच भी बाद में कराई गई थी। सीबीआई ने भी अपनी रिपोर्ट में इसे आत्महत्या करार देते हुए क्लोजर रिपोर्ट में किसी भी तरह की साजिश या हत्या से इनकार कर दिया था।

ऐसे में एक बार फिर लोगों की निगाहें इस जांच पर टिक गई हैं क्योंकि लोगों को उम्मीद है कि इससे सुशांत सिंह राजपूत के मौत की गुत्थी भी सुलझ सकती है। हाल ही में सुशांत सिंह राजपूत की बहन ने सोशल मीडिया पर भाई की मौत को लेकर लिखा था कि सत्य की अपनी शक्ति होती है, उसे कुछ समय के लिए दबाया जा सकता है, परेशान किया जा सकता है लेकिन उसे हराया नहीं जा सकता है।

रिपोर्ट: कुणाल कौशल

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version