आगरा: यूपी के ताजनगरी आगरा (Agra) में लूट के एक मामले में आरोपी निखिल मेहरा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। निखिल मेहरा पर गुजरात में साल 2021 में हुई लूट की एक वारदात में शामिल होने का आरोप है। सोना लूटने के बाद आरोपी निखिल मेहरा फरार हो गया था जिसे अब पांच सालों बाद दबोचा गया है।
STF के हत्थे चढ़ा निखिल मेहरा
आरोपी यूपी एसटीएफ और गुजरात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा गया है. छह साल से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने सिकंदरा क्षेत्र से दबोचा है। आरोपी निखिल मेहरा रामरघु आनंदा सोसाइटी में छिपकर रह रहा था।
गुजरात के अहमदाबाद ग्रामीण थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज था। फरवरी 2021 में गिरोह ने आयकर अधिकारी बनकर बस को रुकवाया था। बस से सोना लेकर जा रहे दो लोगों के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया था। लूटपाट करने के बाद आरोपियों ने हाथ-पैर बांधकर पीड़ितों को सुनसान जगह पर छोड़ दिया था।
सट्टे में हारने के बाद लूट को दिया था अंजाम
पूछताछ में आरोपी ने आईपीएल सट्टे में 15 लाख रुपये हारने की बात बताई जिसके बाद उसने इस घटना को अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बता दें कि बीते पांच सालों से गुजरात पुलिस निखिल मेहरा के पीछे पड़ी हुई थी लेकिन वो लगातार अपना लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने की केशिश कर रहा था।
रिपोर्ट: नरेश धाकड़े

