आगरा में सहारनपुर मस्जिद मामले में पाकिस्तान के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए विरोध प्रदर्शन किया गया। सहारनपुर जिला कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद को लेकर हुई कार्रवाई पर पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की आपत्ति के बाद हिंदूवादी संगठनों में आक्रोश देखने को मिला।

अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान और उसके विदेश मंत्रालय के बयान की कड़ी निंदा की है। कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के झंडे और पोस्टर जलाकर अपना विरोध जताया है। इस दौरान पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि भारत के आंतरिक मामले में पाकिस्तान को बयानबाजी करने का कोई अधिकार नहीं है।

हिंदूवादी नेताओं ने पाकिस्तान के नारोवाल इलाके में करीब 100 साल पुराने हिंदू मंदिर को कथित तौर पर नुकसान पहुंचाए जाने का मुद्दा भी उठाया है। नेताओं का दावा है कि चार दिन पहले हुई इस कथित घटना पर भारत ने आपत्ति जताई थी, और अब उसी के जवाब में पाकिस्तान सहारनपुर में की गई कार्रवाई को लेकर बयान दे रहा है।

अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अज्जू चौहान ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की है। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान के झंडे और पोस्टर जलाकर अपना आक्रोश जाहिर किया है।  प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस स्थिति पर नज़र बनाए हुए है। पूरे प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मी मुस्तैद नजर आए। फिलहाल सहारनपुर मस्जिद मामले में पाकिस्तान की आपत्ति के बाद आगरा में हिंदू महासभा का विरोध प्रदर्शन राजनीतिक और सामाजिक माहौल में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version