अमरोहा: यूपी के अमरोहा (Amroha) जिले में खाकी को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। एक दरोगा, सिपाही और दो सीआरपीएफ जवानों पर एक लड़की से गैंगरेप का आरोप लगा है। जानकारी के मुताबिक यह मामला हसनपुर कोतवाली इलाके का हैं जहां 23 साल की एक युवती ने दरोगा, सिपाही और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के दो जवानों पर गैंगरेप का सनसनीखेज आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज करते हुए सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़िता का आरोप है कि उसे धार्मिक स्थल ले जाने का झांसा देकर बुलाया गया था। लड़की के आरोपों के अनुसार, रास्ते में आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि मुजफ्फरनगर से युवती को लेकर आए दो CRPF जवानों की पहचान हसनपुर में तैनात रहे दरोगा संजय तोमर और सिपाही प्रमोद से पहले से थी।
पीड़ित युवती की लिखित शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया और दरोगा संजय तोमर और सिपाही प्रमोद सहित चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सभी आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में अमरोहा के एसपी (पुलिस अधीक्षक) लखन सिंह यादव का कहना है कि मामले में सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पीड़िता के आधिकारिक बयान दर्ज करने के साथ ही फॉरेंसिक और अन्य साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। मामले की निष्पक्ष जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट :- अरूण चाहल


