आजमगढ़। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। रविवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल और पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह के साथ भंवरनाथ मंदिर परिसर और कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान गंदगी मिलने पर डीएम का सख्त रुख देखने को मिला।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा। मांस-मदिरा की दुकानों को बंद रखने, मिलावटखोरी और ओवररेटिंग पर कड़ी कार्रवाई, सड़क मरम्मत, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य, प्रकाश और यातायात व्यवस्था को हर हाल में दुरुस्त रखने के निर्देश देते हुए सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने का आदेश दिया।
30 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने भंवरनाथ मंदिर परिसर, आसपास के क्षेत्रों और कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ रूट मार्च कर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया तथा कहा कि यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर मांस एवं मदिरा की दुकानें बंद रहें, खाद्य पदार्थों में मिलावट, गंदगी और ओवररेटिंग करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्ग पर सड़कें दुरुस्त हों, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहें।
निरीक्षण के दौरान मंदिर रोड पर दुकानों के सामने फैली गंदगी और खाली बोतलें देखकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों के सामने डस्टबिन रखना अनिवार्य करने और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने यह भी कहा कि कांवड़ संघों और स्थानीय प्रतिनिधियों से लगातार संवाद बनाए रखा जाए।
शिविर संचालकों का सत्यापन समय पर कराया जाए तथा कांवड़ की निर्धारित ऊंचाई और शासन के सभी मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए। साथ ही बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन, पार्किंग, पर्याप्त पुलिस बल, एंबुलेंस और स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए, ताकि लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
रिपोर्ट | राम अवतार उपाध्याय संवाददाता ( आजमगढ़) काजल कुमारी

