Barabanki News: बाराबंकी जनपद में दो सगे भाइयों की नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, लोनीकटरा थाना क्षेत्र के बुढ़नापुर  गांव निवासी अशोक कुमार पांडे के दो पुत्र ऋतिक पांडेय उर्फ हैप्पी (14) तथा गजेंद्र उर्फ हनी (18) औसानेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करने आए थे। दर्शन के बाद दोनों स्नान घाट पर पहुंचे और नदी में नहाने के लिए उतर गए। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब तक लोगों को घटना की जानकारी हुई, तब तक दोनों भाई नदी की गहराई में समा चुके थे। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से घंटों तलाश अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक अनिल पांडे ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट -संजय यादव बाराबंकी/सोनू सिंह

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version