बाराबंकी: यूपी के बाराबंकी जिले में स्वाइन फ्लू के पांच मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। जिले में अब तक पांच मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें तीन मरीज बाराबंकी के अलग-अलग इलाकों से हैं, जबकि दो मरीज लखनऊ के रहने वाले हैं।

बाराबंकी के मरीजों में निंदूरा, हैदरगढ़ और मसौली क्षेत्र के मरीज शामिल हैं। वहीं, एक मरीज जेल अधिकारी बताया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल सामान्य है।

बाराबंकी में मिले स्वाइन फ्लू के पांच मरीज

बाराबंकी के तीन मरीजों को घर पर ही आइसोलेट किया गया है, जबकि लखनऊ के दोनों मरीज लखनऊ के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। मरीजों की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें उनके घरों पर पहुंचकर परिजनों के सैंपल ले रही हैं और संपर्क में आए लोगों की निगरानी की जा रही है।

जिले के सरकारी अस्पतालों में आवश्यक दवाइयां और इलाज की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर लव गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट है।

क्या हैं स्वाइन फ्लू के लक्षण

उन्होंने कहा कि लोगों को पैनिक होने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्क रहना बेहद जरूरी है। एसीएमओ डॉक्टर लव गुप्ता ने लोगों से अपील की है कि तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, बदन दर्द या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लें।

बुलंदशहर में स्वाइन फ्लू के 15 मरीज मिले

बाराबंकी के अलावा बुलंदशहर में भी स्वाइन फ्लू के 15 मरीज मिले हैं जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है. स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए स्वाथ्य विभाग ने 10-10 बैड के वार्ड आरक्षित किए हैं. जिला अस्पताल से लेकर प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक पर अलग व्यवस्था की गई है. बुलंदशहर के अस्पतालों में लगातार इस संक्रामक रोग के मरीज बढ़ रहे हैं.

रिपोर्ट: शिवम जयसवाल

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version