Manoj Tiwari: के भजनों पर झूमें कांवड़िये, श्रावण मास की पावन कांवड़ यात्रा के अवसर पर बस्ती में ‘माँ शक्ति सेवा संस्थान’ द्वारा एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध भोजपुरी गायक और भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान मनोज तिवारी ने अपने सुरीले भजनों से शिव भक्तों का मन मोह लिया, जिस पर कांवड़िये भक्ति के रंग में सराबोर होकर थिरकते नजर आए।
‘कांवड़िये सनातन संस्कृति के स्तंभ’
नेशन 27 के संवाददाता से विशेष बातचीत के दौरान मनोज तिवारी ने कांवड़ यात्रा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कांवड़िये हमारी सनातन संस्कृति के असली स्तंभ और शक्ति हैं। जो श्रद्धालु पूरी निष्ठा और आस्था के साथ कांवड़ उठाकर जल लेने के लिए निकलते हैं, वे प्रेरणा के स्रोत हैं।
राजनीतिक मुद्दों पर मुखर रहे मनोज तिवारी
सांस्कृतिक मंच से राजनीति में आते हुए उन्होंने विपक्ष पर भी तीखे हमले किए। राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि वे चाहे जनता से कितना भी संवाद क्यों न कर लें, आज की ‘जेन-जेड’ (Gen-Z) पीढ़ी बहुत जागरूक हो चुकी है और किसी के बहकावे में आने वाली नहीं है। उत्तर प्रदेश की राजनीति पर बात करते हुए उन्होंने दावा किया कि राज्य में मोदी-योगी की जोड़ी का कोई विकल्प नहीं है और आगामी समय में योगी आदित्यनाथ एक बार फिर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद को सुशोभित करेंगे।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी
वहीं, राम मंदिर में चढ़ौती चोरी के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि जो आरोपी कर्मचारी था, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन लोगों ने भी इस तरह का दुस्साहस किया है, उनसे पाई-पाई का हिसाब लिया जाएगा और सूद समेत पूरी धनराशि की वसूली की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालु और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- इमरान अली/ सोनू सिंह @Nation27
यह भी पढ़ें- Amruta Khanvilkar की शादी को लेकर वायरल खबरों पर हंगामा, एक्ट्रेस ने दी कानूनी चेतावनी
यह भी पढ़ें- BJP सांसद ने पेश किया प्राइवेट मेंबर बिल, बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर पहल

