जनपद के समरेर क्षेत्र स्थित जेपीएन सर्वोदय आवासीय बालिका विद्यालय में उस समय हड़कंप मच गया जब अचानक 7 छात्राओं की तबीयत खराब हो गई। छात्राओं की बिगड़ती स्थिति देख विद्यालय प्रबंधन में खलबली मच गई। आनन-फानन में सभी छात्राओं को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया।
भोजन और गर्मी को माना जा रहा कारण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्राओं की तबीयत दोपहर का भोजन करने के बाद अचानक बिगड़ी। पीड़ित छात्राओं और उनके परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर खराब भोजन परोसने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, मौके पर मौजूद चिकित्सकों का कहना है कि वर्तमान में भीषण गर्मी का प्रकोप है, जिसके चलते लू या डिहाइड्रेशन से भी तबीयत बिगड़ सकती है। डॉक्टरों ने फूड पॉइजनिंग की संभावना से भी पूरी तरह इंकार नहीं किया है।
जिला अस्पताल रेफर हुईं छात्राएं
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद 5 छात्राओं की स्थिति में सुधार होने पर परिजन उन्हें घर ले गए। वहीं, 2 छात्राओं की हालत गंभीर बनी हुई थी, जिसके चलते चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। अस्पताल के रिकॉर्ड और रजिस्टर में कुल 7 छात्राओं के भर्ती होने की पुष्टि हुई है, जबकि विद्यालय प्रबंधन शुरू में केवल 3 छात्राओं के बीमार होने की बात कह रहा था, जिससे प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
प्रशासनिक जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि यदि जांच में विद्यालय की लापरवाही पाई जाती है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों का आक्रोश
अभिभावकों ने विद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि छात्राओं को विद्यालय में बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि खाने की गुणवत्ता बेहद खराब रहती है और परिसर में साफ-सफाई व स्वास्थ्य सुविधाओं का घोर अभाव है।
रिपोर्ट- सौरभ पाल/सोनू सिंह

