बुलंदशहर। जनपद के खुर्जा नगर क्षेत्र में सोमवार को मोम और दियों से भरे एक गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और उसकी लपटें पास स्थित एक घर तक पुहुँच गईं।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। आग की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। दमकल कर्मी घंटों से आग बुझाने में जुटे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, गोदाम में बड़ी मात्रा में मोम और दीये रखे हुए थे, जिससे आग तेजी से फैल गई। आग की इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
यह घटना कोतवाली खुर्जा नगर क्षेत्र के कबूतर पैंठ के निकट स्थित मुरारी नगर की है। फिलहाल दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट-जगनेश सोलंकी


