बाहुबली छवि वाले पूर्व विधायक गुड्डू पंडित पर पत्नी को पीटने का आरोप लगा है। उनकी पत्नी के साथ मारपीट का एक वीडियो, जो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है। वायरल वीडियो में पूर्व विधायक गुड्डू पंडित अपनी पत्नी अर्चना पांडा के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर घसीटते हुए साफ नजर आ रहे हैं। इस दौरान अर्चना बुरी तरह डरी-सहमी दिखीं और किसी तरह अपनी जान बचाकर घर से बाहर भागती नजर आईं।

गौरतलब है कि अर्चना पांडा कांग्रेस पार्टी की सक्रिय नेत्री हैं और क्षेत्र में अपनी पहचान रखती हैं। ऐसे में एक जनप्रतिनिधि परिवार से जुड़ी इस घटना ने स्थानीय स्तर पर हलचल मचा दी है। वीडियो सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया यूजर्स इस पर तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और घटना की निंदा कर रहे हैं।

यह पहली बार नहीं है जब गुड्डू पंडित और अर्चना पांडा के बीच पारिवारिक कलह सुर्खियों में आया हो। इससे पहले भी दोनों के बीच कई बार तनातनी की खबरें सामने आ चुकी हैं। बीते समय में अर्चना ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपनी जान को खतरा बताते हुए मदद की गुहार लगाई थी, साथ ही परिवार के एक सदस्य पर हमला करने का आरोप भी लगाया था। उस मामले में स्थानीय पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई भी की थी।

ताजा वीडियो वायरल होने के बाद से क्षेत्र में लोगों में गुस्सा देखा जा रहा है। कई लोग इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, वहीं कुछ यूजर्स इसे पति-पत्नी के बीच का निजी मामला बताकर टिप्पणी कर रहे हैं। हालांकि, सार्वजनिक जीवन से जुड़े व्यक्ति के मामले में इस तरह की घटना ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version