फिरोजाबाद जनपद के थाना नारखी क्षेत्र के गांव जरौली कला के रहने वाले कन्हैया लाल के घर में एक विशालकाय और बेहद जहरीला कोबरा सांप निकल आया था।
सांप की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया आनन-फानन में सांप को पकड़ने के लिए मौलाबख्श नाम के सपेरे को गांव में बुलाया गया।
मौलाबख्श नाम का सपेरा मौके पर पहुंचा। बताया जा रहा है कि वह खुद को सांप पकड़ने और सांप के काटने का इलाज करने में माहिर खिलाड़ी समझा जाता है।
उसने सांप को काबू कर लिया, लेकिन इसी दौरान फूंकार मार रहे सांप ने मौलाबख्श की उंगली में अपने दांत गड़ा दिए।
सांप के काटने के बाद मौलाबख्श घबराए नहीं उसने तुरंत सांप को एक प्लास्टिक के डिब्बे में बंद किया और सीधे फिरोजाबाद के जिला अस्पताल ट्रॉमा सेंटर भाग खड़ा हुआ।
सपेरा जार में बंद जिंदा सांप को लेकर इमरजेंसी वार्ड के अंदर घुस गया। जहां लोगों की भीड़ सांप को देखने के लिए जमा हो गई। जैसे सांप जिंदा देखा तो वहां मौजूद डॉक्टर नर्सिंग स्टाफ मरीजों के होश उड़ गए।
सपेरा मौलाबख्श का इलाज फिलहाल फिरोजाबाद के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है, जहां सपेरे की हालत पर डॉक्टर की नजर बनी हुई है। वहीं जार में बंद सांप को देखने के लिए अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई है।
फिलहाल घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। दूसरों का इलाज करने वाले हकीम को आज खुद इलाज की जरूरत पड़ गई।
रिपोर्ट- राजेश प्रभाकर/सोनू सिंह

