यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस बनी आग का गोला, 9 यात्रियों की दर्दनाक मौत - Nation27 >

यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस बनी आग का गोला, 9 यात्रियों की दर्दनाक मौतउत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक भीषण हादसे ने सबको हिलाकर रख दिया। दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही राज कल्पना ट्रैवल्स की एक स्लीपर बस में रात करीब साढ़े ग्यारह बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों में घिर गई और इस दर्दनाक हादसे में 9 यात्रियों की जान चली गई।

यह हादसा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट से लगभग 32 किलोमीटर आगे जेवर थाना क्षेत्र में हुआ। घटना के वक्त बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे, जिनमें से कई गहरी नींद में थे। आग की सूचना मिलते ही कई यात्रियों ने खिड़कियों और दरवाजों से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई, जबकि कुछ यात्री बस के अंदर ही फंसे रह गए। हादसे के बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। इस शिकायत में यात्री सुनील कुमार ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके मुताबिक, आग लगने से पहले ही बस के अंदर जलने जैसी तेज बदबू आने लगी थी। कई यात्रियों ने इसकी जानकारी बस के चालक और परिचालक को दी थी, लेकिन बावजूद इसके समय रहते बस को रोका नहीं गया। यात्रियों की शिकायत को गंभीरता से न लेना इस हादसे को और भयावह बना गया।

यह भी पढ़ें- बच्चियों के घर चॉकलेट लेकर पहुंचे चेयरमैन, रास्ता बनवाने के लिए लगाई थी डीएम से गुहार

घटनास्थल पर मौजूद रहे प्रत्यक्षदर्शियों ने भी खौफनाक अग्निकांड के बारे में बताया है। बस के यात्रियों ने बताया कि हड़बड़ी में वे जूते तक नहीं पहन पाए और सिर्फ अपना फोन लेकर किसी तरह बस से बाहर निकले। बाहर मौजूद लोग बस के अंदर फंसे यात्रियों को बचाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर जाना लगभग नामुमकिन हो गया था। हादसे के बाद कुछ देर के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी बाधित रहा और मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इस घटना ने एक बार फिर लंबी दूरी की स्लीपर बसों में यात्री सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Secret Link
Exit mobile version