नोएडा: दिल्ली से सटे यूपी के नोएडा (Noida) में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। मनोकामना पूरी नहीं होने पर पंडित के अपहरण और रंगदारी मांगने का आरोप लगा है।
मनोकामना पूरी नहीं होने पर पंडित को किया अगवा
दरअसल आरोपियों ने पूजा कराने वाले पंडित को जौनपुर बुलाकर बंधक बना लिया और रिहाई के बदले परिजनों से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी। सेक्टर-113 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, पंडित अनिल तिवारी ने जौनपुर निवासी आशीष और प्रवेश के लिए धार्मिक अनुष्ठान कराया था। मनोकामना पूरी नहीं होने पर आरोपियों ने पूजा में खर्च हुए पैसे वापस लेने के नाम पर पंडित को दोबारा जौनपुर बुलाया और बंधक बना लिया।
पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने जाल बिछाया और रंगदारी की रकम लेने पहुंचे दोनों आरोपियों को सरफाबाद के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पूजा में खर्च किए गए पैसे वापस लेने के लिए अपहरण की बात बताई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
रिपोर्ट: यूनूस आलम

