थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित कलाधाम कॉलोनी में शनिवार की शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहाँ बारिश के पानी से भरे 15 फीट गहरे गड्ढे में डूबने से 6 वर्षीय बालक अव्यान सूर्या की मौत हो गई। अव्यान केंद्रीय विद्यालय के उप प्रधानाचार्य सीवान यादव का पुत्र था। इस घटना के बाद से क्षेत्र में मातम पसरा है और स्थानीय निवासियों में प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश व्याप्त है
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6:30 बजे अव्यान अपने अन्य साथियों के साथ कॉलोनी के पास खेल रहा था। खेलते समय वह अचानक असंतुलित होकर बारिश के पानी से लबालब भरे एक गहरे गड्ढे में जा गिरा। साथ खेल रहे बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तीन स्थानीय युवक अपनी जान जोखिम में डालकर गड्ढे में उतरे। काफी मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकाला गया और आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह हादसा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और कार्यदायी एजेंसी की घोर लापरवाही का परिणाम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि बोरिंग कार्य के लिए खोदे गए इस 15 फीट गहरे गड्ढे के चारों ओर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। घटना की सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसडीएम आशुतोष ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
इस दुखद घटना के बाद कलाधाम कॉलोनी के निवासियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों का कहना है कि यह केवल एक हादसा नहीं, बल्कि सरकारी तंत्र की हत्यारी लापरवाही है। उन्होंने मांग की है कि दोषी अधिकारियों और ठेकेदार पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई हो ताकि भविष्य में किसी अन्य बच्चे की जान न जाए। लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि शहर में मौजूद अन्य असुरक्षित गड्ढों को तुरंत बंद नहीं किया गया, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

