Hamirpur: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से शिक्षा विभाग की घोर लापरवाही का एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहाँ के पूर्व माध्यमिक विद्यालय गहरौली खुर्द का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें स्कूली बच्चों को मिड-डे मील के नाम पर बेहद घटिया भोजन परोसा जा रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बच्चों की थाली में सब्जी के नाम पर सिर्फ पानी जैसा रसा परोसा गया है, जिसमें सब्जी का कोई नामो-निशान नहीं है।
थाली में सब्जी की जगह सिर्फ पानी
वायरल वीडियो में बच्चे चावल के साथ परोसी गई उस अजीबोगरीब चीज को खा रहे हैं, जिसे स्कूल प्रशासन ने ‘सब्जी’ का नाम दिया है। सब्जी इतनी पतली है कि यह पहचानना भी मुश्किल है कि वह किस चीज की बनी है। विद्यालय प्रबंधन की ओर से बच्चों के स्वास्थ्य के साथ किया जा रहा यह खिलवाड़ अब गंभीर चर्चा का विषय बन गया है। गांव के ही एक जागरूक ग्रामीण ने इस पूरी बदइंतजामी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद स्कूल के खाने की गुणवत्ता पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।
बीएसए ने लिया संज्ञान, जांच के आदेश
वीडियो वायरल होने के बाद मामला जिला शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों तक पहुँचा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने मामले का संज्ञान लेते हुए इसे बेहद गंभीरता से लिया है। बीएसए ने आश्वासन दिया है कि मामले की तत्काल प्रभाव से गहन जांच की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि मिड-डे मील के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बच्चों की सेहत से खिलवाड़ का मुद्दा
यह पहली बार नहीं है जब सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं। शासन द्वारा बच्चों को पौष्टिक आहार देने के लिए करोड़ों का बजट खर्च किया जाता है, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके विपरीत नजर आती है। गहरौली खुर्द विद्यालय की इस घटना ने एक बार फिर रसोइयों और स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। अब देखना यह होगा कि विभागीय जांच के बाद दोषी शिक्षकों या प्रबंधन के खिलाफ क्या ठोस कार्रवाई की जाती है।
रिपोर्ट- किशन कुमार/सोनू सिंह

