उत्तर प्रदेश के हापुड़ से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। गंगा एक्सप्रेसवे पर थार से हुई दुर्घटना में चार दोस्तों की मौत हो गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गंगा एक्सप्रेस वे पर देर रात तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन सवार चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया।
मरने वालों में जोगिंदर (26) पुत्र झाझन सिंह निवासी पालपुर, थाना बिल्सी, बदायूं, सुखबीर (25) पुत्र होतीलाल, जसवंत (20) पुत्र होतीलाल, दोनों निवासी मेवली, थाना उघैती, बदायूं और रवि (20) पुत्र करण सिंह निवासी पुरदलपुर, थाना इस्लामनगर, बदायूं निवासी हैं।
दुर्घटना में विष्णु (17) पुत्र गिरिराज निवासी पालपुर, थाना बिल्सी गंभीर रूप से घायल है। रविवार रात करीब 12 बजे हापुड़ पुलिस को गंगा एक्सप्रेसवे पर दुर्घटना की सूचना मिली।
मौके पर पहुंची सिंभावली पुलिस ने सभी घायलों को सिखेड़ा स्थित सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चार युवकों की मौत हो गई। जबकि एक घायल का इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार दिल्ली रजिस्ट्रेशन नंबर की थार कार दुर्घटना के बाद थार पलट गई। इस दौरान एक्सप्रेसवे पर अफरातफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर जाम लग गया।
सिंभावली पुलिस ने कार को सड़क से हटा दिया। जिसके बाद वहां यातायात को सुचारु रुप से चलाया गया। सभी युवक कार द्वारा बदायूं से दिल्ली की तरफ जा रहे थे।

