हापुड़ में लगातार हो रही बारिश ने पिलखुवा में एक परिवार की खुशियां छीन लीं। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सद्दीकपुरा में गुरुवार सुबह करीब 18 घंटे से लगातार हो रही बारिश के बीच एक जर्जर मकान की छत भरभराकर गिर गई। हादसे में 52 वर्षीय अशफाक की मलबे में दबने से मौत हो गई, जबकि उनका 17 वर्षीय बेटा कासिम गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दूसरा बेटा नाजिम सुरक्षित बच गया।
जानकारी के अनुसार अशफाक अपने दोनों बेटों नाजिम और कासिम के साथ कमरे में सो रहे थे। लगातार बारिश के कारण मकान की कमजोर हो चुकी छत अचानक ढह गई और तीनों मलबे में दब गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अतुल चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद तीनों को मलबे से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने अशफाक को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल कासिम का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लगातार हो रही बारिश के चलते जर्जर मकान की छत गिरने को हादसे की वजह माना जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। लगातार बारिश के बीच जर्जर मकानों में रह रहे लोगों की सुरक्षा को लेकर भी यह घटना गंभीर सवाल खड़े करती है।

