हरदोई में हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के जोधनपुरवा गांव में हैंड ग्रेनेड मिलने से हड़कंप मच गया।गांव निवासी सतीश कुमार का आरोप है कि रात में किसी ने उनके घर के अंदर पॉलीथिन में लिपटी संदिग्ध वस्तु फेंकी।वह पहले घर में पड़े तिरपाल पर गिरी, फिर जमीन पर और इसके बाद पानी में जा गिरी।सतीश ने उसे उठाया, लेकिन उस समय उन्हें पता नहीं था कि पॉलीथिन में क्या है।बाद में जब सुबह उन्होंने उसे खोलकर देखा तो अंदर हैंड ग्रेनेड देखकर उनके होश उड़ गए।

सतीश के मुताबिक, संदिग्ध वस्तु मिलने के बाद उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और गांव में हड़कंप मच गया। इसके बाद डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी गई। सतीश ने पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए सांडी क्षेत्र के अपने रिश्तेदारों पर घर के अंदर हैंड ग्रेनेड फेंके जाने का आरोप लगाया है। उनके आरोप के बाद मामले को लेकर गांव में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। हालांकि पुलिस अभी आरोपों की जांच कर रही है।

सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम करीब 10 मिनट में मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर के सामने खेत की जमीन पर पड़े हैंड ग्रेनेड को अपने साथ ले लिया। सीओ हरपालपुर प्रवीण यादव ने बताया कि बम निरोधक दस्ते को सूचना दी गई है। बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचकर हैंड ग्रेनेड की जांच करेगा। इसके बाद नियमानुसार उसे निष्क्रिय कराया जाएगा। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हैंड ग्रेनेड कहां से आया, घर के अंदर कैसे पहुंचा और घटना के पीछे क्या वजह है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version