देशभर में लगातार हो रहे पेपर लीक, भर्ती घोटालों और प्रतियोगी परीक्षाओं में बरती जा रही धांधली के विरोध में भीम आर्मी भारत एकता मिशन (हरदोई) ने जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने हरदोई कलेक्ट्रेट परिसर में इकट्ठा होकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रेषित किया।
जंतर-मंतर पर लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच और मुकदमे वापसी की मांग को लेकर भीम आर्मी भारत एकता मिशन के जिला संयोजक (हरदोई) करण वर्मा पासी के नेतृत्व में भेजे गए ज्ञापन में कहा गया कि 20 जुलाई 2026 को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपनी जायज मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस द्वारा बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया गया। संगठन ने इस घटना की समयबद्ध न्यायिक जांच कराने, दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई करने और आंदोलनकारी छात्रों पर दर्ज सभी मुकदमे तत्काल वापस लेने की मांग की है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और सख्त कानून की मांग को लेकर ज्ञापन में कहा गया कि लगातार हो रहे भर्ती घोटालों और परीक्षा प्रणाली की विफलताओं के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह जवाबदेह है। संगठन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग की है। इसके अलावा, पेपर लीक में शामिल शिक्षा माफियाओं की संपत्ति जब्त कर कठोर कार्रवाई करने, सभी सरकारी भर्तियों का वार्षिक कैलेंडर जारी करने, विवादित नॉर्मलाइजेशन प्रणाली की समीक्षा करने और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने की पुरजोर मांग उठाई गई है।
रिपोर्ट- आनंद द्विवेदी/सोनू सिंह

