हरदोई जनपद स्थित पाली कस्बे के बरगद तिराहे के निकट रुपापुर मार्ग स्थित पेट्रोल पंप पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक हाथ में कोबरा सांप लेकर पहुंच गया। युवक ने पेट्रोल पंप पर काफी देर तक हंगामा किया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। घटना के कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें युवक सांप के साथ खतरनाक अंदाज में हरकत करता साफ दिखाई दे रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक कभी कोबरा को अपने गले में डाल रहा था तो कभी उसे जेब में रख लेता। इतना ही नहीं, कई बार युवक ने सांप को वहां मौजूद लोगों की तरफ छोड़ दिया। कोबरा से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागते नजर आए। पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने पहुंचे लोगों के बीच अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।
आरोप है कि युवक पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों से रुपये भी मांग रहा था। रुपये नहीं देने पर वह सांप दिखाकर उन्हें डराता नजर आया। युवक की इन हरकतों से पेट्रोल पंप कर्मचारियों और ग्राहकों में भय का माहौल बना रहा। इसके बावजूद वह काफी देर तक सांप के साथ तमाशा करता रहा।
बाद में वह सांप को जेब में डालकर मौके से चला गया, घटना के बाद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं और युवक की हरकतों को लेकर आक्रोश भी नजर आया। स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक नशे की हालत में था। मामले को लेकर प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की जांच की जाएगी।
