हरदोई के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में लापता हुई नाबालिग किशोरी को पुलिस ने बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। किशोरी मूल रूप से हरपालपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है और अपने ननिहाल बिलग्राम आई हुई थी।

22 जून को वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। उस समय परिजनों ने एक नाबालिग पर बहला-फुसलाकर किशोरी को ले जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। पुलिस ने तलाश अभियान चलाकर किशोरी को बरामद किया।

बरामदगी के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया,जहां उसका उपचार जारी है। आज परिजन बिलग्राम कोतवाली पहुंचे और नाबालिग पर किशोरी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

परिजनों का कहना है कि पीड़िता के साथ गंभीर अपराध हुआ है और दोषी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दिलाई जाए। सूचना पर पुलिसकर्मियों ने किसी तरह परिजनों को समझाकर शांत कराया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।

बिलग्राम कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर में गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पीड़िता का डॉक्टरी परीक्षण कराया जा रहा है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मेडिकल रिपोर्ट,पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जबकि पीड़िता अस्पताल में भर्ती है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version