हरदोई: यूपी के हरदोई (Hardoi) में सांडी कस्बे से पति-पत्नी के बीच विवाद का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। करीब ढाई महीने पहले प्रेमी के साथ चली गई तीन बच्चों की मां अचानक अपने पति के घर पहुंची, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
महिला ने पति पर लगाए गंभीर आरोप
महिला ने पति के सिर पर हमला करने और चाकू से उसकी नाक काटने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि कटी हुई नाक को नाली में फेंक दिया गया। वहीं, पति की मां ने महिला पर बेटे का प्राइवेट पार्ट काटने और खुद अपना सिर जमीन पर पटकने का आरोप लगाया है।
सूचना के बाद डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। घायल महिला को पहले सांडी सीएचसी ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
ढाई महीने पहले प्रेमी के साथ चली गई थी महिला
पुलिस के मुताबिक, महिला करीब ढाई महीने पहले मोहल्ले के ही युवक सूरज के साथ चली गई थी और दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी। उस समय पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था, जिसके बाद महिला सूरज के साथ दिल्ली चली गई थी।
बच्चों को लेकर हुआ विवाद
गुरुवार को महिला अचानक वापस आई और बच्चों को अपने साथ ले जाने की कोशिश की। इसी दौरान पति के घर में विवाद हुआ। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस ने पति दीपक का शांति भंग के आरोप में चालान किया है। महिला की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है, जबकि पति की मां की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: आनंद त्रिवेदी

