झांसी के मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब झांसी-खजुराहो नेशनल हाईवे पर करीब 7 फीट लंबा अजगर सड़क पार करता दिखाई दिया। अजगर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि पिछले तीन दिनों से इलाके में एक विशाल अजगर लगातार दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों का दावा है कि अजगर ने खेत में पले कुत्ते के बच्चों को भी अपना शिकार बनाया है। सूचना के बाद वन विभाग को मामले की जानकारी दी गई है।
तस्वीरें झांसी के मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बुखारा के पास झांसी-खजुराहो नेशनल हाईवे की हैं। जहां अचानक सड़क पर करीब 7 फीट लंबा अजगर दिखाई देने से राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। अजगर धीरे-धीरे हाईवे को पार करता नजर आया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले तीन दिनों से इलाके में एक विशाल अजगर को देखा जा रहा है। बुखारा निवासी और हाईवे किनारे होटल संचालक मयंक शर्मा का कहना है कि अजगर उनके होटल के आसपास भी दिखाई दे रहा है।
मयंक शर्मा के मुताबिक, उनके खेत में पले कुत्ते के बच्चों को भी अजगर ने अपना शिकार बना लिया। अजगर की मौजूदगी की खबर गांव में फैलते ही लोगों में डर का माहौल है। बताया जा रहा है कि होटल के कुछ कर्मचारी भी अजगर की जानकारी मिलने के बाद डर के चलते होटल छोड़कर चले गए। फिलहाल ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दे दी है और अजगर को सुरक्षित पकड़ने की मांग की जा रही है। अब देखना होगा कि वन विभाग की टीम कब तक मौके पर पहुंचकर अजगर को रेस्क्यू करती है।
यह भी पढ़ें- मायावती का सरकार पर तीखा हमला, UPI का नया नियम जनता पर दोहरी मार


