झांसी पुलिस ने 24 लाख 90 हजार रुपये की लूट के मामले का 24 घंटे के अंदर खुलासा किया है। पुलिस ने दो सिपाहियों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 24 लाख 50 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त क्रेटा कार बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, ऑनलाइन सट्टे में हुए नुकसान की भरपाई के लिए लूट की साजिश रची गई थी।
झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र में 12 जुलाई को हुई 24 लाख 90 हजार रुपये की लूट की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में गौरव यादव, सुरेश यादव, सुखवीर, सूरज सिंह के अलावा जालौन पुलिस लाइन में तैनात दो आरक्षी रवेंद्र राजपूत और मनोज शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई रकम में से 24 लाख 50 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त क्रेटा कार बरामद की है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी झांसी निवासी सूर्यांश ऑनलाइन सट्टे में मध्य प्रदेश के सतना के सटोरियों के पास 24 लाख 90 हजार रुपए की बड़ी रकम हार गया था। आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक अनोखी डकैती की योजना बनाई।
सूर्यांश ने हारे हुए 24 लाख 90 हजार रुपए मध्य प्रदेश के सटोरियों के एजेंट को दिए तो आरोपियों ने एजेंट को अगवा करके उससे पैसे छीन लिए और वापस झांसी के सटोरिया सूर्यांश को वापस कर दिए मुख्य साजिश करता सूर्यांश ने यह डकैती का पूरा षड्यंत्र अपनी मौसी के लड़के अंकित के साथ मिलकर रचा था।
जिसमें एक-एक लाख रुपए देकर में तीनों पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया था पुलिस ने गिरफ्तार दोनों पुलिसकर्मियों के पास से एक-एक लाख रुपए बरामद कर लिए हैं। मामले में एक अन्य आरक्षी समेत चार और लोगों के नाम भी प्रकाश में आए हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा गया है। घटना में शामिल पुलिस कर्मियों को जालौन एसपी ने निलंबित करते हुए विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं,, दो पुलिसकर्मियों ने वर्दी पहन कर दिया था घटना को अंजाम दिया था।
रिपोर्ट-हेमंत कुमार गुप्ता (झांसी)/सोनू सिंह

