झांसी: यूपी के झांसी (Jhansi) में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी विकास कुमार के निर्देशन में ANTF टीम और बबीना थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 214 किलो गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब एक करोड़ सात लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में गांजे को ओडिशा से ग्वालियर ले जाने की बात सामने आई है।
214 किलो गांजा ट्रक से बरामद
दरअसल मुखबिर की सूचना पर ANTF टीम और बबीना पुलिस ने सुकुवा-दकवा के पास संदिग्ध ट्रक PB 10 JE 5483 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में अलग-अलग बंडलों में छिपाकर रखा गया 214 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 7 लाख रुपये है।
इस मामले में हरियाणा के पानीपत निवासी सतपाल उर्फ सत्यपाल और मध्य प्रदेश के ग्वालियर निवासी मोहन कुशवाह को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में मोहन ने पुलिस को बताया कि उसका पड़ोसी आकाश कुशवाह ट्रक किराए पर लेकर भुवनेश्वर गया था। आरोप है कि आकाश ने ओडिशा से गांजा ट्रक में लोड कराया और अपनी निजी गाड़ी से आगे निकल गया।
आरोपी ने क्या बताया ?
आकाश ने मोहन से ग्वालियर पहुंचने के बाद फोन करने को कहा था, जिसके बाद माल उतारने की बात सामने आई। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
रिपोर्ट: हेमंत कुमार गुप्ता


