झांसी: यूपी के झांसी (Jhansi) में 13 सितंबर की रात संदिग्ध परिस्थितियों में 21 साल के परवेज अली की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक राष्ट्रभक्त संगठन चलाने वाले आरोपी युवकों ने ड्रग तस्कर परवेज से अवैध वसूली की योजना के दौरान उसे ड्रग का सैंपल दिखाने के बहाने बुलाया और कार में बैठाकर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
इसके बाद आरोपी शव को छोड़कर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 7 मोबाइल फोन और तीन कारों बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच परवेज 1-2 घंटे मे वापस आने की कह कर रैपिडो बुक करके घर से निकला था।
देर रात परिजनों को उसके नशे की हालत में नगरा हाट में पड़े होने की सूचना मिली, लेकिन मेडिकल कॉलेज ले जाने पर उसकी मौत हो चुकी थी। पोस्टमार्टम में शरीर पर चोटों के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई गई थी।
8 आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने जय श्रीवास्तव उर्फ अमन, साहिल मिश्रा, भूपेंद्र वंशकार, यश शिखर उर्फ बिट्टू, शनि नामदेव और आरक्षी 649 आशीष सिंह सहित 8 लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और तलाशी के दौरान 7 मोबाइल फोन बरामद हुए। साथ ही घटना में इस्तेमाल मारुति सुजुकी इग्निस कार सहित तीन कारों को भी कब्जे में लिया गया। पुलिस के अनुसार मृतक ड्रग्स की तस्करी करता था।
आरोपियों ने कथित तौर पर एक योजना बनाकर उसे ड्रग्स का सैंपल लेने के बहाने बुलाया और मृतक परवेज को कार में बैठकर उसका वीडियो बनाकर पुलिस का भय दिखाकर अवैध वसूली के लिए दबाव बनाने की कोशिश की।
युवक से की गई थी मारपीट, चली गई जान
कार के अंदर मृतक परवेज का आरोपी शनि और भूपेंद्र से विवाद और मारपीट हुई, और गाड़ी से उतरते समय परवेज गिर गया जिससे उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट लग गयी थी। इसके बाद अस्पताल ले जाते ही उसे मृत घोषित कर दिया गया। मारपीट के दौरान आरोपियों ने मृतक को कई जगह मुंह से काट भी लिया था।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी परवेज को छोड़कर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस द्वारा सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही पुलिस की जांच में घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।
रिपोर्ट: हेमंत गुप्ता


