Jhansi News: झांसी में आयोजित समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे फतेहपुर से सांसद और समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने झांसी में सपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों, बेरोजगारी, महंगाई और राम मंदिर चंदा चोरी के मामले को लेकर सरकार को घेरा। साथ ही एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में वोट करने की अपील भी की।
झांसी में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान सांसद नरेश उत्तम पटेल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के मूल मुद्दों बेरोजगारी और महंगाई पर पूरी तरह चुप है, जबकि आम जनता इन समस्याओं से जूझ रही है।
झांसी में हाल ही में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं पर दर्ज किए गए मुकदमों को लेकर सरकार को घेरा। उनका आरोप है कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है।
राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा चोरी मामले पर बोलते हुए नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि इस प्रकरण का खुलासा हो चुका है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं सम्मेलन में मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए उन्होंने आगामी एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के समर्थन में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया है।
रिपोर्ट- हेमंत कुमार गुप्ता (झांसी)

