LucknowNews: राजधानी में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के सरकारी आवास पर पिछले पांच दिनों में दूसरी बार नाले और सीवर का गंदा पानी भर गया है। शिकायत करने और मौके पर निरीक्षण के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान न होने पर उपमुख्यमंत्री कार्यालय ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। लखनऊ में बारिश से पहले ही नालों के जाम होने की वजह से पिछले पांच दिनों में दो बार उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के सरकारी आवास में गंदा पानी घुस चुका है। शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान न होने पर नाराजगी जताई गई है। इस संबंध में उनके कार्यालय की ओर से संबंधित विभाग को पत्र लिखकर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई गई है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद का आवास सात कालिदास मार्ग है। पिछले एक सप्ताह में यहां कई बार नाले का पानी घर के अंदर लॉन में भर चुका है। 12 जून को जब पानी भरा था तो नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और पानी निकालकर चली आई थी। टीम ने ये भी कहा था कि अगले दिन आकर वह समस्या का स्थायी निदान करेंगे।

उपमुख्यमंत्री के आवास में जलभराव पर नगर आयुक्त को पत्र भेजकर अवगत कराया गया

मंगलवार को फिर लॉन में गंदा पानी भर गया। इससे उपमुख्यमंत्री बहुत नाराज हुए। उनके निजी सचिव ने नगर आयुक्त को पत्र भेजकर कहा है कि उपमुख्यमंत्री के आवास के अंदर सीवर-नाले का पानी आ रहा है। इस बारे में निगम के जनसंपर्क अधिकारी को अवगत कराया गया था।  आवास पर निरीक्षण के लिए जेई प्रतिमा यादव एवं किशोरी लाल पहुंचे थे। दोनों ने आश्वासन दिया कि अगले दिन समस्या का समाधान करा दिया जाएगा, लेकिन समाधान हुआ नहीं। गंदा पानी फिर आवास के अंदर जमा हो गया है। ऐसे में समस्या दूर कराने में लापरवाही करने वाले संबंधित अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।

हर साल बारिश में डूबता है आवास, जलभराव की समस्या बनी स्थायी चुनौती

जानकारों के अनुसार, अधिशासी अभियंता अतुल मिश्रा अवकाश पर हैं, जबकि सहायक अभियंता अवधेश सिंह ड्यूटी पर होने के बावजूद मौके पर नहीं पहुंचे। बताया गया कि यदि अधिकारी समय पर पहुंचते तो समस्या का समाधान किया जा सकता था। यह भी कहा गया कि हर वर्ष बारिश के दौरान आवास में जलभराव की स्थिति बनती है, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। वहीं, प्रभारी नगर आयुक्त अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर भेजी गई थी, जिसने पानी की निकासी करवाई। उन्होंने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे और संबंधित टीम को इसके लिए निर्देश दे दिए गए हैं।

 

 

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version