कन्नौज: विशुनगढ़ थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसके अंतिम संस्कार को लेकर ऐसा मामला सामने आया, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। महिला करीब डेढ़ साल से अपने पति और दो बच्चों से अलग होकर एक युवक के साथ रह रही थी। युवक की उम्र महज 19 साल बताई जा रही है। महिला की मौत के बाद युवक और उसके परिवार ने पुलिस को सूचना दिए बिना तड़के ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
इसी दौरान महिला के पति ने पुलिस में शिकायत देकर हत्या का आरोप लगा दिया। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो चिता जल रही थी। पुलिस ने पानी डालकर चिता बुझाई और वहां से बचे अवशेषों को कब्जे में लिया। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने जरूरी नमूने जुटाए हैं। पुलिस अब पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के आधार पर मौत की वजह पता लगाने में जुटी है।
करीब दो साल से चल रहा था प्रेम-प्रसंग
मामला विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के रयपुरा गांव का है। यहां रहने वाली 35 वर्षीय किरन राजपूत का अपने पति विनय राजपूत से अक्सर विवाद होता था। इसी दौरान करीब दो साल पहले किरन की जान-पहचान इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के कन्हईपुर्वा गांव निवासी 19 वर्षीय छोटू से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। परिवार में विवाद बढ़ने के बाद किरन ने पति का घर छोड़ दिया। करीब डेढ़ साल से वह छोटू के साथ उसके घर पर रह रही थी। इस दौरान उसके दोनों बच्चे और पति अलग रह रहे थे।
रात में हुआ विवाद, सुबह कमरे में मिला शव
बताया जा रहा है कि सोमवार रात किरन और छोटू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद मंगलवार सुबह किरन का शव घर के एक कमरे में पंखे के कुंडे से साड़ी के फंदे पर लटका मिला। शव देखकर घर में हड़कंप मच गया। छोटू और उसके परिवार वालों ने शव को फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस को सूचना देने के बजाय उन्होंने गांव के बाहर उसका अंतिम संस्कार करने का फैसला किया।
तड़के नहर किनारे कर दिया अंतिम संस्कार
मंगलवार तड़के किरन के शव को गांव से बाहर निचली गंग नहर के किनारे ठठिया थाना क्षेत्र में स्थित सुखी पुल के पास ले जाया गया। वहां अंतिम संस्कार शुरू कर दिया गया। इसी बीच किरन की मौत की खबर उसके पति विनय राजपूत तक पहुंची। विनय ने पुलिस से संपर्क किया और पत्नी की हत्या किए जाने का आरोप छोटू पर लगाया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई और अंतिम संस्कार वाली जगह पर पहुंच गई।
पुलिस पहुंची तो चिता छोड़कर भागे लोग
पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद छोटू, उसके परिवार के लोग और कुछ ग्रामीण मौके से निकल गए। उस समय चिता जल रही थी। पुलिस ने तुरंत पानी डालकर चिता बुझाई। इसके बाद जली हुई लकड़ियों और राख के बीच से शव के अवशेष तलाशे गए। पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर फोरेंसिक टीम को सूचना दी। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और जरूरी नमूने लिए। पुलिस ने इन अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़ें: डॉ खुशहाली ने अपने क्लिनिक पर लगाई फांसी, पति ने पत्नी के नाम पर लिए थे 14 लोन
हत्या या आत्महत्या? जांच में सामने आएगा सच
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि किरन की मौत वास्तव में आत्महत्या थी या फिर उसकी हत्या की गई। शुरुआती तौर पर शव फंदे से लटका मिलने की बात सामने आई है, लेकिन जिस तरह बिना पुलिस को सूचना दिए आनन-फानन में अंतिम संस्कार कर दिया गया, उसने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया है। पुलिस अब छोटू और उसके परिवार के लोगों से पूछताछ कर सकती है। सोमवार रात दोनों के बीच हुए विवाद की वजह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
साथ ही यह भी जांच होगी कि किरन की मौत के बाद पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी गई और इतनी जल्दी अंतिम संस्कार क्यों किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच से मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है। पुलिस फिलहाल मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

