कानपुर देहात से एक ऐसा भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और आम जनता के बीच के रिश्ते की एक अलग ही तस्वीर पेश की है। आमतौर पर पुलिस अधिकारियों के पास लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचते हैं, लेकिन इस बार सिथरा बुजुर्ग गांव निवासी दिव्यांग महिला नीतू का यह अनोखा अंदाज देखकर वहां मौजूद हर किसी का दिल भर आया।

कानपुर देहात की दिव्यांग महिला नीतू एसपी कानपुर के पास शिकायत नहीं, बल्कि आभार जताने पहुंचीं थी। एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय से मिलते ही नीतू की आंखों से आंसू बह निकले। भावुक होकर उन्होंने एसपी को गले लगा लिया और रो पड़ीं। इस पर एसपी ने भी बड़ी आत्मीयता से उन्हें गले लगाकर संभाला। इस भावुक पल का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दिव्यांग होने के बावजूद नीतू अपने गांव से करीब 25 किलोमीटर का सफर तय कर एसपी कार्यालय पहुंचीं। दरअसल, उनके गांव में लंबे समय से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई थी। विभागीय स्तर पर शिकायत के बावजूद जब समाधान नहीं हुआ, तो मामला एसपी तक पहुंचा। संवेदनशीलता दिखाते हुए एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने तुरंत पुलिस टीम भेजकर बाधित जलापूर्ति दोबारा बहाल कराई, जिससे नीतू और उनके परिवार को बड़ी राहत मिली।

आभार जताते हुए नीतू ने एसपी को उपहार में एक पेन भेंट किया। इस दौरान एसपी ने महिला को उनकी बेटी की पढ़ाई में हर संभव मदद का भरोसा भी दिलाया। शिकायत के बजाय शुक्रिया लेकर पहुंची इस महिला की कहानी सोशल मीडिया पर लोगों का दिल छू रही है और पुलिस प्रशासन की संवेदनशीलता की जमकर सराहना हो रही है।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version