कानपुर देहात के डेरापुर थाना क्षेत्र की पुलिस को लूट की सूचना प्राप्त हुई। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का जायजा लिया। युवक ने बताया कि चार बदमाश उसके पैर में गोली मारकर फरार हो गए। बदमाश उससे चार हजार रुपये की नकदी भी लेकर चले गए। हालांकि पुलिस पूरे मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।

घटना डेरापुर थाना क्षेत्र के भड़गांव के पास की है। घायल युवक की पहचान धीरज के रूप में हुई है। धीरज के मुताबिक वह दिल्ली-हरियाणा से अपने घर लौट रहा था। रात करीब दो बजे ट्रक से उतरकर घर की ओर जा रहा था, तभी चार बाइक सवार युवकों ने उसे घेर लिया।

धीरज का आरोप है कि बदमाशों ने उससे रुपये छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसके दोनों पैरों में गोली मार दी और जेब में रखे करीब चार हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से खाली कारतूस और खोखे मिलने की बात सामने आई है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक युवक के दोनों पैरे में गोली लगी है।

परिजनों ने पुलिस में शिकायत देते हुए बताया कि छोटी बहन की शादी में शामिल होने के लिए उनका बेटा घर लौट रहा था। रास्ते में बदमाशों ने उसे गोली मार दी और रुपये लूट लिए। हम चाहते हैं कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करे। परिवार का कहना है कि एक ओर घर में शादी की तैयारियां चल रही हैं, तो दूसरी ओर भाई अस्पताल में भर्ती है। इस घटना से परिवार पर दुख और चिंता का माहौल है।

फिलहाल पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों और बयानों के आधार पर जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।

रिपोर्ट- गौरव शुक्ला  (कानपुर देहात)/सोनू सिंह

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version