‘शक्ति और सुरक्षा’ कार्यशाला में संवेदनशील पुलिसिंग पर जोर

कानपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आयोजित एडवांस जेंडर सेंसिटिव पुलिसिंग विषयक दो दिवसीय कार्यशाला ‘शक्ति और सुरक्षा’ का शुभारंभ रागेंद्र स्वरूप ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर तथा विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान मौजूद रहीं। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने दोनों अतिथियों का बुके एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत और सम्मान किया।

कार्यक्रम के दौरान ‘कंपैशनेट कॉप : शक्ति और सुरक्षा’ पुस्तक का विमोचन भी किया गया। यह कार्यशाला श्रृंखला 9-10 जून को गाजियाबाद से शुरू हुई थी और इसका दूसरा आयोजन कानपुर में किया गया है, जिसमें प्रदेश के 17 जिलों की पुलिस टीमें भाग ले रही हैं।

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला के लिए थाना केवल सरकारी कार्यालय नहीं, बल्कि न्याय की पहली उम्मीद होता है। इसलिए पुलिस को महिलाओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार करते हुए उनके विश्वास को बनाए रखना चाहिए।

वहीं, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने महिला सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि पुलिस और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार किया जा सकता है। उन्होंने महिला संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई के साथ संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, महिला सुरक्षा से जुड़े विशेषज्ञों तथा विभिन्न जनपदों से आई पुलिस टीमों ने भाग लिया।

 

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version