मुस्कुराए कानपुर ने स्वस्थ, खुशहाल और जिम्मेदार समाज के संकल्प के साथ “गो ग्रीन कानपुर” कैंपेन की शुरुआत की। अभियान का शुभारंभ वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्य एवं कानपुर हेल्थ कमेटी की संरक्षिका डॉ. वंदना पाठक, आरोहम हैप्पीनेस होम बिठूर के संस्थापक डॉ. उमेश पालीवाल और मुस्कुराए कानपुर के संस्थापक डॉ. सिधांशु राय ने आरोहम हैप्पीनेस सेंटर में संयुक्त रूप से पौधारोपण कर किया।
इस अवसर पर आयोजित हैप्पीनेस टॉक में डॉ. वंदना पाठक ने कहा कि पेड़ हमारी आयुर्वेदिक औषधियों का आधार हैं और प्रकृति से जुड़ाव हमारे जीवन को स्वस्थ बनाने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में हैप्पीनेस सबसे बड़ी जरूरतों में से एक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घर में मौजूद वरिष्ठजनों के लिए समय निकालें, उनसे बातचीत करें और उन्हें अपनापन दें, क्योंकि यही उनके लिए सच्ची खुशी हो सकती है।
डॉ. उमेश पालीवाल ने कहा कि हैप्पीनेस सेंटर का उद्देश्य लोगों को प्रकृति के करीब लाकर उन्हें खुशहाल और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि आज किया गया पौधारोपण इसी सोच की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
डॉ. सिधांशु राय ने कहा कि दूसरों को खुशी देना भी एक कला है और जब हम किसी के चेहरे पर मुस्कान लाते हैं तो उसका असर हमारी अपनी खुशी पर भी पड़ता है। उन्होंने कहा कि समाज के करीब 90 प्रतिशत लोग अच्छे हैं, उन्हें केवल अपनापन और सकारात्मक माहौल चाहिए। उन्होंने बताया कि पर्यटन की दृष्टि से आरोहम को विकसित करने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
मुकेश पालीवाल ने कहा कि हैप्पीनेस सेंटर कानपुर में मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच और सामुदायिक खुशहाली के लिए काम करने वाला एक अनूठा मंच है। इसका उद्देश्य लोगों को बेहतर और सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करना है।
इस अवसर पर मुस्कुराए कानपुर की टीम ने प्रख्यात वास्तुशास्त्री विमल झाझरिया द्वारा बेंगलुरु और हरिद्वार की तर्ज पर विकसित किए जा रहे दिव्यांबर वैलनेस सेंटर का हैप्पीनेस विजिट किया। टीम ने कहा कि मुस्कुराए कानपुर भविष्य में दिव्यांबर वैलनेस सेंटर के सामाजिक सहयोगी के रूप में कार्य करेगा।
रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी रतन श्रीवास्तव और अमित अग्रवाल ने कहा कि गो ग्रीन कानपुर मुस्कुराए कानपुर की प्रमुख पहलों में से एक है। वहीं राजेश ग्रोवर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य हरित पर्यावरण और खुशहाल जीवन का संदेश घर-घर तक पहुंचाना है। नजम हमराज ने दिव्यांबर वैलनेस सेंटर को कानपुर के लिए एक खास सौगात बताया।
कार्यक्रम के दौरान अमित अग्रवाल, डॉ. हेमंत मोहन, अनूप द्विवेदी, डॉ. ओम प्रकाश आनंद, डॉ. जीएल श्रीवास्तव, अखिल त्यागी, दिनेश वाष्र्णेय, मीना मेहरोत्रा, अरविंद शुक्ला, आरिफ मार्टिन, शाहिद कामरान सहित अन्य लोगों ने भी पौधारोपण किया। सभी ने “एक पेड़ मां के नाम, एक पेड़ परिवार के नाम” का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।

