Kasganj News: उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। मथुरा-बरेली हाईवे पर सोरों कोतवाली क्षेत्र स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने राजस्थान के भरतपुर डिपो और उत्तर प्रदेश के एटा डिपो की रोडवेज बसों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 34 यात्री घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि राजस्थान के भरतपुर डिपो की बस में सवार अधिकांश यात्री गंगा स्नान के लिए सोरों आ रहे थे। सुबह के समय हुए इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस की मदद से सोरों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।

हादसे में गिर्राज पुत्र रामलाल (80 वर्ष), निवासी फरसो, कैलादेवी थाना बयाना, जिला भरतपुर तथा प्रीतम पुत्र प्यारे लाल, निवासी सेवा कुरवारियां, जिला भरतपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सपना, गीता, भजनलाल, प्रेमवती और चंद्रकला समेत कुल 34 यात्री घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में भर्ती दो यात्रियों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को समुचित उपचार के निर्देश दिए। अधिकारियों ने हादसे के कारणों की भी जानकारी ली।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह भरतपुर डिपो के चालक को नींद की झपकी आना बताई जा रही है। हालांकि स्थानीय पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

रिपोर्ट- रोहतास भारद्वाज (कासगंज)

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version