लखनऊ | नया गैस सिलेंडर लगाते ही लगी आग, देखते ही देखते गृहस्थी जलकर राख, बड़ा हादसा टला

लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र के दशहरी गांव के रायपुर गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार के लोग जान बचाकर घर से बाहर भागे। ग्रामीणों और ग्राम प्रधान की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के मुताबिक रायपुर गांव निवासी गुड्डू गौतम काकोरी इंडियन गैस सर्विस से नया गैस सिलेंडर लेकर घर पहुंचे थे। आरोप है कि जैसे ही सिलेंडर लगाकर खाना गर्म करने के लिए माचिस जलाई, सिलेंडर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की चपेट में आने से घर में रखा घरेलू सामान, कपड़े, नकदी और अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय घर में मौजूद परिवार के लोग किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों और ग्राम प्रधान मनोज ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया, जिससे आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोक लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।

सूचना पर राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। लेखपाल कुलदीप कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है, ताकि उनकी उजड़ी हुई गृहस्थी दोबारा बस सके।

 

 

 

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version