चुनाव से पहले संतकबीर-Raebareli में सपा सांसद-कार्यकर्ताओं पर हमला, अखिलेश BJP पर आगबबूला - Nation27 >

लखनऊ: यूपी में चुनाव पास आते ही राजनीतिक पारा चढ़ता जा रहा है और कई बार मामला झड़पों और हमले तक पहुंच जा रहा है। इसी शुक्रवार को रायबरेली (Raebareli) और संतकबीर नगर (Sant Kabir Nagar) में दो ऐसी घटनाएं हुई हैं जिसको लेकर अब अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। दरअसल इन दोनों ही जिलों में सपा नेताओं पर हमला और झड़प की खबर सामने आई हैं जिसके बाद इसने राजनीतिक रंग ले लिया है। अखिलेश यादव ने इसे स्वजातीय सत्ता की हनक करार दिया है।

रायबरेली में सपा कार्यकर्ताओं पर हमला

रायबरेली में सपा और AVBP के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई. दरअसल शहर के एक पुलिसकर्मी शिव शंकर सिंह के विरोध में सपा का प्रदर्शन चल रहा था। एसपी ऑफिस में सपा कार्यकताओं और विधायकों के साथ मारपीट हुई थी।

आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने दौड़ा दौड़ा कर पीटा था जिसके बाद सपा के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे. शहर के शहीद चौक पर प्रदर्शन कर सपा कार्यकर्ता दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे. इसी दौरान AVBP के कार्यकर्ताओं से उनकी झड़प हो गई जिसमें कई लोगों को चोट आई है।

संतकबीर नगर में सांसद की गाड़ी पर हमला

वहीं दूसरा मामला संतकबीर नगर का है जहां गणेश विसर्जन के दौरान सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। आरोप है कि भीड़ ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और शीशा तोड़कर हमले की कोशिश करने लगे। इस बीच पुलिस ने सांसद को भीड़ से सुरक्षित बचाकर वहां से निकाला. यह घटना रात के 11 बजे उस वक्त हुई थी जब गणेश विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था।

ये विसर्जन यात्रा अमरडोभा चौराहे पर पहुंची। इसी दौरान पुलिस डीजे को थाने ले जाने लगी जिससे गुस्साए लोग सड़क पर बैठकर विरोध करने लगे। इसी दौरान सांसद की गाड़ी वहां से गुजर रही थी जिसको भीड़ ने निशाना बना लिया और उसमें तोड़फोड़ शुरू कर दी।

सांसद ने लगाए गंभीर आरोप

वहीं इस घटना को लेकर सपा सांसद ने कहा कि मेरी तीन गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और पत्थर फेंके गए. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी का झंडा देखकर और छोटी जाति का होने की वजह से लोगों ने मुझपर जानलेवा हमला कर दिया। सांसद ने आरोप लगाया कि बड़े लोगों से यह बर्दाश्त नहीं हो रहा है कि कोई छोटा आदमी सांसद कैसे बन गया।

अखिलेश ने बीजेपी पर बोला हमला

सपा नेता और कार्यकर्ताओं पर हुए इस हमले के बाद अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, उत्तर प्रदेश में सरकार नहीं सत्ता का स्वजातीयवाद चल रहा है। सत्ता स्वजातीय अपनी हनक दिखाने के लिए पीडीए पर प्रहार कर रहे हैं।

रिपोर्ट: कुणाल कौशल

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version