योगी: स्वतंत्रता दिवस से पहले उत्तर प्रदेश में भाजपा का ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज से शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार सुबह लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास से इस अभियान की शुरुआत करेंगे। सुबह करीब 8 बजे होने वाली इस यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आम लोग शामिल होंगे।

सीएम योगी के साथ नजर आएंगे भाजपा के बड़े नेता

तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, दोनों उपमुख्यमंत्री, प्रदेश सरकार के मंत्री और संगठन के कई पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके साथ ही सांसद-विधायक, पार्टी कार्यकर्ता, स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोग भी यात्रा का हिस्सा बनेंगे। यात्रा में युवाओं और महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी रहने की उम्मीद है। हाथों में तिरंगा लेकर लोग देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ेंगे और देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों को नमन करेंगे।

मुख्यमंत्री आवास से लोकभवन तक जाएगी यात्रा

लखनऊ में तिरंगा यात्रा मुख्यमंत्री आवास से शुरू होकर हजरतगंज स्थित लोकभवन तक जाएगी। इस दौरान पूरे रास्ते देशभक्ति का माहौल नजर आएगा। भाजपा ने इस अभियान के जरिए लोगों को स्वतंत्रता दिवस के आयोजन से जोड़ने और हर घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करने की तैयारी की है।

15 अगस्त तक चलेगा अभियान

‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा’ अभियान सिर्फ लखनऊ तक सीमित नहीं रहेगा। प्रदेशभर में इसे व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। अभियान के तहत 10, 11 और 12 अगस्त को उत्तर प्रदेश के सभी मंडलों में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। इसके बाद स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त तक अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा।

चुनावी तैयारियों के बीच भाजपा का यह अभियान राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। पार्टी संगठन की सक्रियता बढ़ाने के साथ-साथ आम लोगों, खासकर युवाओं और महिलाओं के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने पर भी जोर दे रही है।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version