Maharajganj: कोर्ट परिसर में महिला की हत्या की कोशिश ! पति समेत 3 लोगों ने गला दबाया - Nation27 >

महराजगंज: यूपी के महराजगंज (Maharajganj) में परिवार न्यायालय परिसर में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब वहीं पर महिला से मारपीट और गला दबाकर उसकी हत्या करने की कोशिश की गई। जान से मारने की कोशिश किसी और ने नहीं बल्कि उसके ही पति और उसके साथियों पर है।

पीड़िता का दावा है कि कोर्ट में गवाही के बाद बाहर निकलते समय आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए पिता और बहन के साथ भी मारपीट की गई। मामले में पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। साथ ही घटना की वीडियो क्लिप भी पुलिस को उपलब्ध कराई गई है।

महिला ने पति पर लगाए गंभीर आरोप

दरअसल मामला पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के समरधीरा चौराहा की रहने वाली प्रिया त्रिपाठी का है। उसकी शादी बृजमनगंज थाना क्षेत्र के कोईलाडाड़ निवासी मनीष कुमार मिश्र से हुई है। प्रिया के मुताबिक, पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ पहले से मुकदमा चल रहा है। वहीं परिवार न्यायालय महराजगंज में भरण-पोषण को लेकर मामला विचाराधीन है।

पीड़िता की तहरीर के मुताबिक, 24 सितंबर को इसी मामले में सुनवाई थी जिसके लिए प्रिया के पिता लक्ष्मीकांत गवाही देने पहुंचे थे। दोपहर करीब 2 बजे, गवाही के बाद प्रिया अपनी बहन प्रियंका और पिता के साथ कोर्ट रूम से निकलकर हॉल में पहुंचीं।

कोर्ट में चल रहा मामला

आरोप है कि तभी पीछे से मनीष मिश्र, प्रिंस मिश्रा और सतीश मिश्र वहां पहुंचे और प्रिया के साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रिया ने यह भी आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। जब पिता और बहन ने बीच-बचाव किया तो उनके साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।

पीड़िता के मुताबिक शोर सुनकर कचहरी परिसर में मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद तीनों की जान बच सकी। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी जाते समय मुकदमे की पैरवी करने पर जान से मारने की धमकी भी दे गए। पूरी घटना को लेकर प्रिया ने कोतवाली पुलिस को लिखित तहरीर दी है और तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

रिपोर्ट: अनुज शुक्ला

 

 

 

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Secret Link
Exit mobile version