हत्या के एक मामले में मथुरा के थाना बलदेव क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक कलयुगी मां ने अपने ही तीन वर्षीय मासूम बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना को सामान्य मौत का रूप देकर करीब एक महीने तक परिजनों से सच्चाई छिपाई गई, लेकिन आखिरकार महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
यह है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि उस समय महिला मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत कर रही थी। इसी दौरान मासूम रोने लगा और उसकी बातचीत में बाधा बनने लगा। गुस्से में आकर महिला ने पहले बच्चे की पिटाई की और फिर उसका गला दबा कर हत्या कर दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, थाना बलदेव क्षेत्र के गांव छौली निवासी रुचि जिन्दल पत्नी कृष्ण मुरारी ने 28 जून 2026 की शाम करीब 5 बजे अपने तीन वर्षीय बेटे माधव की गला दबाकर हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपी महिला ने परिजनों को बताया कि बच्चा काफी देर से सो रहा है और उठ नहीं रहा है। परिजन उसे इलाज के लिए पहले सीआईएमएस और फिर अमर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने इसे सामान्य मौत मानते हुए मासूम का अंतिम संस्कार भी कर दिया। पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज किया है।
करीब एक महीने बाद परिजनों को महिला के व्यवहार पर शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर 27 जुलाई 2026 को रुचि जिन्दल ने अपने पति के सामने बच्चे की हत्या का जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद मासूम के चाचा गोविंद गुप्ता ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें- फेसबुक से PM Modi की पोस्ट हटाई गई, मेटा का दावा तकनीकी गड़बड़ी
सूचना मिलते ही थाना बलदेव पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ हत्या संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- दीपक चौधरी/सोनू सिंह


