मथुरा: यूपी के मथुरा (Mathura) में समाजवादी पार्टी के एक नेता की घिनौनी करतूत सामने आई है। मथुरा में सपा अल्पसंख्यक महासभा से जुड़े प्रदेश स्तरीय नेता राजन रिजवी पर एक महिला ने सनसनीखेज आरोप लगाए हैं।
सपा नेता ने महिला को किया अश्लील मैसेज
आरोप है कि राजन रिजवी महिला को सपा सरकार बनने पर IAS की नौकरी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहा था। रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी ने महिला के व्हाट्स् ऐप पर मैसेज किया था जिसमें उन्होंने लिखा था, ‘भैयाजी से कहकर IAS बनवा दूंगा… पॉजिटिव वाइब्स रखो!
सपा नेता राजन रिजवी द्वारा महिला को भेजा गया ये मैसेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल आरोप है कि राजन रिजवी ने मॉर्निंग वॉक के दौरान बैंककर्मी महिला को अपने जाल में फंसाने की कोशिश की और उसे तरह-तरह का प्रलोभन दिया।
IAS बनवाने का दिया प्रलोभन
राजन रिजवी ने पहले महिला की सुंदरता की तारीफ की और फिर व्हाट्स ऐप पर अश्लील चैटिंग शुरू कर दी। आरोपी सपा नेता ने महिला को मैसेज में लिखा, ‘तुम डिवाइन आभा वाली कंप्लीट वुमन हो, तुम्हारी पर्सनैलिटी पर ये जॉब सूट नहीं करती। जैसे ही सपा की सरकार बनेगी, मैं भैयाजी (अखिलेश यादव) से कहकर तुम्हें CM कोटे से डेपुटेशन पर IAS बनवा दूंगा, बस मेरे लिए दिल में पॉजिटिव वाइब्स रखो और ब्लेसिंग दो।’
पुलिस से कार्रवाई की मांग
जब महिला ने राजन रिजवी के इस तरह के मैसेज और ऑफर का विरोध किया तो वो माफी मांग कर फिर प्रलोभन देने की कोशिश करने लगा। राजन रिजवी के इस तरह की हरकतों से परेशान होकर महिला ने पुलिस से शिकायत की है। पीड़िता और उनके सरकारी कर्मचारी पति ने CO सिटी आशना चौधरी से मिलकर शिकायत की है और आरोपी राजन रिजवी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अब मैसेज वायरल होने के बाद मथुरा पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
रिपोर्ट: दीपक

