मुरादाबाद जनपद के भोजपुर थाना इलाके के ग्राम मंसूरपुर में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच अचानक हिंसक झड़प हो गई है, देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए।

इस दौरान जमकर पत्थरबाजी भी हुई है, जिससे गांव में भगदड़ और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग सहम गए और दुकानों के शटर बंद कर चले गए। उपद्रवियों ने एक-दूसरे पर लाठियों और पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला किया है, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग चोटिल बताए जा रहे हैं।

मारपीट का दृश्य देखकर ग्रामीणों ने तुरंत मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी है। सूचना मिलते ही भोजपुर थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। भोजपुर पुलिस को आते देख उपद्रवी लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए गांव में शांति व्यवस्था कायम की और घायलों को उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित पक्ष से प्राप्त लिखित तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए मामले की जांच कर रही है और दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version