मुरादाबाद में दोहरे हत्याकांड़ के बाद एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। जबकि एक अभियुक्त पुलिस की पकड़ से अभी भी दूर है। मां-बेटे की हत्या का आरोप महिला के पति और देवर पर है। पूरी घटना के सामने आने पर अब यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

मुरादाबाद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र के मूढ़ा तैय्या गांव में घरेलू विवाद के चलते एक महिला और उसके 12 वर्षीय बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने पहचान छुपाने के उद्देश्य से मां-बेटे के शवों को गन्ने के खेत में छिपाकर उनके चेहरों को ज्वलनशील पदार्थ से जलाने का प्रयास किया।

पुलिस ने दो अलग-अलग दिनों में मां और बेटे के शव बरामद कर जब जांच शुरू की, तो इस खौफनाक वारदात का सनसनीखेज खुलासा हुआ। पुलिस जांच में सामने आया कि इस निर्मम दोहरे हत्याकांड को मृतका के पति जसराम और देवर जयराम ने मिलकर अंजाम दिया था।

त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी देवर जयराम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी पति जसराम अभी भी फरार है। फरार पति की धरपकड़ के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, जिसके पकड़े जाने पर मुख्य वजह साफ होगी।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version