Moradabad News: उत्तर प्रदेश में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ सरकार सख्त दिखाई दे रही है, इसी क्रम में मुरादाबाद से एक बड़ी कार्यवाही सामने आ रही है, जहां मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण के रास्ते में आ रही एक अवैध मजार को प्रशासन ने जमींदोज कर दिया है।
सुल्तान शाह के नाम चल रही अवैध मजार को हटाने के लिए लंबे समय से कवायद चल रही थी, क्योंकि मजार को सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण कर बनाया गया था। और अब यहां हाईवे का निर्माण कार्य किया जाना है। जिसके चलते मजार विकास कार्य में बड़ी बाधा बनी हुई थी।
सरकारी भूमि पर कब्जा कर बनाई गई मजार पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान प्रशासनिक अमला पूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुँचा था। क्षेत्र में किसी भी प्रकार के गतिरोध या कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए जनपद के वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर मौजूद रहे।
बुलडोजर कार्रवाई के दौरान चार बुलडोजरों का इस्तेमाल किया गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध ढांचे को सुरक्षित रूप से ढहा दिया गया। कार्यवाही के मुरादाबाद नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। जिसने पूरी प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करने में सहयोग किया।
मुरादाबाद अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बताया कि लोक निर्माण विभाग (PWD) और जिला प्रशासन द्वारा अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए संबंधित लोगों को पहले ही सूचित किया गया था। यह ढांचा नाले के ऊपर और मुख्य रोड की पटरी पर अवैध रूप से कब्जा करके बनाया गया था। जिससे यातायात और सड़क के विकास कार्य में बाधा आ रही थी।
लोगो को बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद जब अवैध अतिक्रमण नहीं हटाया गया। तब प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा। अवैध मजार हाईवे चौड़ीकरण के काम में बाधा बन रही थी। इसके हटने से अब हाईवे को चौड़ा किया जा सकता है। हाईवे के चौड़ीकरण से लोग जाम मुक्त सफर का आनंद ले सकते है।

