उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां कक्षा चार में पढ़ने वाली छात्रा पर दस रुपये की चोरी का आरोप लगने से आहत छात्रा ने फांसी के फंदे पर छूलकर आत्महत्या कर ली है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है, वहीं इस मामले में पुलिस पीड़ित परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्यवाही में जुट गई है।
दरअसल, नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के पचनेडा कलां गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय कक्षा चार में पढ़ने वाली एक 10 वर्षीय छात्रा आयुषी ने बुधवार को अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।आरोप है कि स्कूल की शिक्षिका सविता ने छात्र पर दस रुपये चोरी करने का आरोप लगाया था। बताया जा रहा है कि शिक्षिका ने इस चोरी के इस मामले की शिकायत स्कूल के शिक्षक राजीव को की थी। जिसके बाद शिक्षक राजीव ने छात्रा की स्कूल में पिटाई कर दी थी।
आरोप है कि इस घटना से आहत छात्रा ने घर पहुंचने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इस मामले में पुलिस पीड़ित परिवार की शिकायत पर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
इस घटना को लेकर मृतक छात्रा के पिता अशोक राजपूत ने स्कूल शिक्षकों पर आरोप लगाते हुए बताया कि छात्रा पर दस रुपये की चोरी का आरोप लगाकर स्कूल में उसकी पिटाई की गई थी। जबकि छात्रा ने अपने आत्महत्या करने से पहले अपने पिता को पूरी घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उसे कक्षा में स्थित टेबल के नीचे से दस रुपये का नोट मिला था। जिसे छात्रा ने अपने बेग में रख लिया था।
अब छात्रा के पिता की तहरीर पर मुजफ्फरनगर पुलिस ने शिक्षकों पर मुकदमा दर्ज कर शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। छात्रा के पिता ने इस घटना के लिए स्कूल के शिक्षकों पर आरोप लगाया है, और दोनों शिक्षकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट-दीपक वत्स/सोनू सिंह

