मुजफ्फरनगर: यूपी के मुजफ्फरनगर (Muzaffarnagar) दंगों की बरसी के बीच सहारनपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीरों वाले पोस्टर लगाए जाने का मामला सामने आया है। इन पोस्टरों में 7 सितंबर 2013 को हुए मुजफ्फरनगर दंगों से जुड़ी तस्वीरों के साथ अखिलेश यादव की तस्वीर भी लगाई गई थी। पोस्टरों पर “न भूले थे, न भूले हैं, न भूलेंगे…” जैसे संदेश लिखे गए हैं। बता दें कि जिस वक्त ये दंगा मुजफ्फरनगर में हुआ था उस वक्त उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव की ही सरकार थी.
खास बात यह है कि ये पोस्टर ऐसे समय में लगाए गए हैं, जब सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित करीब एक सदी पुरानी बताई जा रही मस्जिद को ध्वस्त किया गया है। कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद के ध्वस्तीकरण को लेकर पहले से ही राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में मुजफ्फरनगर दंगों की तस्वीरों और अखिलेश यादव की तस्वीर वाले पोस्टर लगाए जाने से इसकी राजनीतिक चर्चा और तेज हो गई।
दंगों की तस्वीरों के साथ अखिलेश की तस्वीर
पोस्टरों में साल 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों से संबंधित तस्वीरें दिखाई गई थीं। इनके साथ अखिलेश यादव की तस्वीर लगाई गई थी। पोस्टर पर लिखा संदेश सीधे तौर पर साल 2013 की घटना की याद दिलाने वाला था। “न भूले थे, न भूले हैं, न भूलेंगे…” जैसे शब्दों के जरिए दंगों की बरसी के मौके पर उस घटना को याद करने का संदेश दिया गया।
ये भी पढ़ें: ‘राजनीतिक पार्टियों ने हाइजैक किया Gen-Z आंदोलन’, CJP पर बोलीं मायावती
7 सितंबर 2013 को हुआ था दंगा
7 सितंबर 2013 को मुजफ्फरनगर और आसपास के क्षेत्रों में हिंसा हुई थी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति पर इस घटना का लंबे समय तक प्रभाव रहा है। ऐसे में दंगों की बरसी पर लगाए गए पोस्टरों को राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। पोस्टर लगाए जाने की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में इसकी चर्चा शुरू हो गई। हालांकि, बाद में पुलिस ने इन पोस्टरों को हटवा दिया। पोस्टर किस व्यक्ति या संगठन की ओर से लगाए गए थे, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस की ओर से भी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि पोस्टर लगाने वालों की पहचान हुई है या नहीं और उनके खिलाफ कोई कार्रवाई की गई है या नहीं।
मस्जिद ध्वस्तीकरण के बाद पोस्टर से बढ़ी राजनीतिक चर्चा
सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को लेकर पिछले कुछ समय से कानूनी विवाद चल रहा था। न्यायिक आदेश के बाद प्रशासन की कार्रवाई में मस्जिद को ध्वस्त कर दिया गया। इसके बाद से ही मामले को लेकर राजनीतिक दलों और अलग-अलग संगठनों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
#Muzaffarnagar | 2013 दंगों से जुड़े होर्डिंग से सियासी हलचल तेज।
मुजफ्फरनगर में 2013 के दंगों की याद दिलाने वाले होर्डिंग लगाए जाने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
होर्डिंग पर अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ संदेश लिखा है— “मुजफ्फरनगर दंगा, ना भूले थे, ना भूले हैं, ना… pic.twitter.com/bFcLSvkjeZ
— Nation27 (@Nation27Digital) September 7, 2026
मस्जिद ध्वस्तीकरण के दो दिन बाद ही 7 सितंबर को मुजफ्फरनगर दंगों की तस्वीरों के साथ अखिलेश यादव के पोस्टर सामने आने से इसे मौजूदा राजनीतिक माहौल से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, इन पोस्टरों को किसने लगाया और क्या यह मस्जिद ध्वस्तीकरण के विरोध में राजनीतिक संदेश देने की कोशिश थी, इसकी पुष्टि किसी आधिकारिक पक्ष ने नहीं की है।
ये भी पढ़ें: यूपी सरकार का बड़ा फैसला, आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया होगी पारदर्शी
फिलहाल पुलिस द्वारा पोस्टर हटाए जाने के बाद मौके पर पोस्टर दिखाई नहीं दे रहे हैं। पोस्टर लगाने वाले कौन थे, उनका उद्देश्य क्या था और क्या उनके खिलाफ कोई कार्रवाई होगी, इस पर पुलिस की आधिकारिक स्थिति सामने आना बाकी है।
रिपोर्ट: दीपक वत्स

