सहारनपुर के सोफिया मार्केट स्थित पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट में करीब 17 करोड़ रुपये के नकली नोट मिलने का मामला समाने आया है। अब इस मामले में बैंक अधिकारी और एजेंसियों की जांच में नए खुलासे सामने आ रहे हैं।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरबीआई से करेंसी चेस्ट में भेजे जाने वाले नए नोटों की फोटोकॉपी बनाकर इस पूरे फर्जीवाड़े को अंजाम दिया गया। असली नोटों की जगह नकली करेंसी चेस्ट में रखी गई और असली नोटों को गायब कर दिया गया, जिसने पूरी बैंकिंग प्रणाली की सुरक्षा पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामले की गहराई से जांच के लिए पीएनबी मुख्यालय की टीम जांच के लिए सहारनपुर पहुंची हुई है। नई दिल्ली स्थित मुख्यालय से भेजी गई 16 अधिकारियों की विशेष टीम इस पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है। टीम की प्राथमिकता यह पता लगाना है कि नकली नोट तैयार करने से लेकर उन्हें करेंसी चेस्ट तक पहुंचाने में किन तरीकों का इस्तेमाल हुआ और इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

सूत्रों के अनुसार, जांच में यह बात उभरकर सामने आई है कि आरबीआई से भेजी गई नई करेंसी की फोटोकॉपी या प्रिंट तैयार कर नकली नोट बनाए गए, और फिर इन्हें असली नोटों के साथ मिलाकर करेंसी चेस्ट में रख दिया गया। जांच अधिकारी अब यह पता लगाने की कोशिश में हैं कि असली नोट चेस्ट से कब और किस तरीके से बाहर निकाले गए, और उनकी जगह नकली नोट किस प्रक्रिया के तहत रखे गए।

बैंक के भीतर हुई इतनी बड़ी गड़बड़ी को लेकर बैंक प्रशासन और जांच एजेंसियां कर्मचारियों व अधिकारियों की भूमिका की भी बारीकी से जांच कर रही हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह खेल कब से चल रहा था और इसमें कुल कितने लोगों की संलिप्तता है। जांच पूरी होने के बाद आरोपितों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारियों के मुताबिक करेंसी चेस्ट से जुड़े चार कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि कई अन्य कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उनकी जांच की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version