शामली जनपद पुलिस पुलिस को उस समय बड़ी कामयाबी हाथ लगी जब एक चैन स्नैचर वारदात को अंजाम देने के लिए झिंझाना थाना क्षेत्र में घूम रहा था। इस दौरान पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक अंतरराज्यीय चैन स्नैचर गोली लगने से घायल हो गया।
कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र कसाना पुलिस टीम के साथ ऊन चौसाना मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान चौसाना की ओर से बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए काठा नदी पटरी के रास्ते भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया और बझेड़ी क्षेत्र के निकट हुई मुठभेड़ में एक बदमाश जगत सिंह के दाहिने पैर में गोली लग गई। वहीं बदमाशों की गोली से हेड कांस्टेबल गौरव कुमार के बाएं हाथ में भी गोली लगने से वह घायल हो गए।
पुलिस ने घायल बदमाश और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जबकि दूसरा बदमाश राजवीर गन्ने के खेतों का सहारा लेकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें क्षेत्र में लगातार सर्च अभियान चला रही हैं। पकड़े गए बदमाश के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार घायल बदमाश जगत सिंह चैन स्नैचिंग की कई वारदातों में शामिल रहा है और वह बेंगलुरु (कर्नाटक) तथा मध्य प्रदेश में दर्ज मामलों में वांछित चल रहा था। जगत सिंह के खिलाफ लगभग एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार जगत सिंह के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
रिपोर्ट- पंकज मलिक/ सोनू सिंह

